राजगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बैजनाथ खोयरी महादेव मंदिर में शुक्रवार को एक बार फिर चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर की दो दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें रखा चढ़ावा चुरा लिया। यह मंदिर में एक साल के भीतर तीसरी और एक महीने में दूसरी चोरी है। सुबह जब मंदिर के पुजारी उमेश शर्मा पूजा करने पहुंचे, तो उन्हें दान पेटियों के ताले टूटे मिले। उन्होंने तत्काल कोतवाली थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। मंदिर परिसर में कार्यरत हैं तीन चौकीदार
खास बात यह है कि मंदिर परिसर में तीन चौकीदार कार्यरत हैं, इसके बावजूद चोरी की घटना हुई। इस वारदात ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशा करने वाली प्रवृत्ति के लोग अक्सर ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। बता दें कि खोयरी धाम में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 7 जून 2025 को भी इसी तरह एक दान पात्र तोड़कर चोरी की गई थी। वहीं, 16 मार्च 2026 को हुई दूसरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। उस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी कालू शाह निवासी कालाखेत, राजगढ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह अभी भी जेल में है। कोतवाली थाना पुलिस ने वर्तमान मामले को भी जांच में लिया है। टीआई मंजू मखेनिया ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। चौकीदार तैनात, लेकिन सुरक्षा नदारद
नगर पालिका के दो और कलेक्ट्रेट के एक चौकीदार की नियुक्ति के बावजूद मंदिर धाम असुरक्षित बना हुआ है। जिम्मेदार कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचते, जबकि उन्हें नियमित वेतन मिलता है। रात के समय परिसर पूरी तरह खाली रहता है, जिसका फायदा उठाकर बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे हैं। व्यवस्थाएं कागजों तक सीमित नजर आ रही हैं, जिससे पुलिस के साथ-साथ ट्रस्ट प्रबंधन की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Source link