गुना में गरीब महिला की जमीन पर कब्जा: प्रशासन ने एक बार हटाया, दबंगों ने फिर कर लिया कब्जा; गिरफ्तारी वारंट के बाद भी नहीं पकड़ाया – Guna News

गुना में गरीब महिला की जमीन पर कब्जा:  प्रशासन ने एक बार हटाया, दबंगों ने फिर कर लिया कब्जा; गिरफ्तारी वारंट के बाद भी नहीं पकड़ाया – Guna News




गुना के राघौगढ़ इलाके में एक गरीब महिला की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आया है। प्रशासन द्वारा एक बार कब्जा हटाने के बाद भी उसकी जमीन पर दोबारा कब्जा कर लिया गया। महिला कोर्ट से केस जीत चुकी है और SDM ने कब्जा करने वालों का वारंट भी निकाला है। हालांकि, अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। मिली जानकारी के अनुसार राघौगढ़ इलाके के डोंगर गांव में रहने वाली मनीषा बाई किरार पत्नी संजीव किरार की लगभग ढाई बीघा जमीन है। उनकी जमीन पर डोंगर के ही रहने वाले कैलाश पुत्र शंकरलाल किरार ने कब्जा कर लिया है। महिला न अपनी जमीन पर जा पा रही है और न ही फसल की बोवनी कर पा रही है। मनीषा बाई ने तहसील कोर्ट में कब्जा हटवाने का आवेदन दिया, जिसके बाद एक बार प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जा हटा दिया। कुछ दिन सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद फिर कैलाश और उसके लड़के शोभाराम और सीताराम ने उस जमीन पर कब्जा कर लिया। महिला ने कहा कि यह जमीन तो उसकी है, तो सभी ने मिलकर उसे धमकाया कि वे जमीन से कब्जा नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद महिला ने फिर SDM कोर्ट में आवेदन दिया। इस पर सुनवाई में तहसीलदार और पटवारी से प्रतिवेदन मंगाया गया। प्रतिवेदन में आया कि यह जमीन मनीषा बाई की है और कैलाश ने उस पर जबरन कब्जा किया हुआ है। SDM ने 16 अप्रैल को कैलाश का गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। हालांकि, अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। महिला ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।



Source link