जबलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां फ्लाईओवर ब्रिज से फेंके गए एसिड ने घर के अंदर सो रहे एक कॉलेज छात्र को गंभीर रूप से झुलसा दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी है। जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3:30 बजे एक सनसनीखेज एसिड अटैक की वारदात हुई। घर के अंदर सो रहे 22 वर्षीय छात्र शिवांश बैन पर अज्ञात हमलावर ने फ्लाईओवर ब्रिज से एसिड फेंक दिया। एसिड छत को फाड़ते हुए सीधे उसके ऊपर गिरा। देखते ही देखते कमरे में आग लग गई। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। परिवार उसे कंबल डालकर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गया। घटना के वक्त शिवांश कमरे में सो रहा था, जबकि पास ही उसका बड़ा भाई भी मौजूद था। युवक की चीख सुनकर परिवार मौके पर पहुंचा। बड़े भाई ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक शिवांश के दोनों हाथ, सीना और कमर का हिस्सा करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। पहले भी हुआ था पथराव घायल छात्र की मां मनोरमा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी उनके घर पर अज्ञात लोगों ने पथराव किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। बावजूद इसके सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। प्रारंभिक तौर पर अंदेशा है कि हमलावर ने फ्लाईओवर ब्रिज से ही एसिड फेंका, जो छत से नीचे गिरा। पुलिस जुटी जांच में घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरज राज टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीआई ने कहा घटनास्थल और फ्लाईओवर ब्रिज से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link