जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। बाड़े में खड़े दो ट्रैक्टरों में से चोरों ने पुराने को हाथ तक नहीं लगाया और सीधे नए चमचमाते ट्रैक्टर को स्टार्ट कर फरार हो गए।
.
ग्राम टिमरी निवासी किसान नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि 16 अप्रैल की शाम खेत से लौटकर उन्होंने अपने दोनों ट्रैक्टर घर के पास बने बाड़े में खड़े किए थे।
रात करीब ढाई बजे पूरा परिवार कूलर की हवा में सो रहा था, तभी अज्ञात चोर बाड़े में घुसे और डेढ़ साल पहले करीब 4 लाख रुपए में खरीदा गया नया ट्रैक्टर स्टार्ट कर ले गए। पुराना ट्रैक्टर वहीं खड़ा रह गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने दोनों ट्रैक्टरों को देखा, लेकिन उनकी नजर सीधे नए ट्रैक्टर पर ही जाकर रुकी। बिना किसी जल्दबाजी के उन्होंने बाड़े का गेट खोला और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
100 से ज्यादा CCTV खंगाले, मंडला रूट पर दिखा ट्रैक्टर
17 अप्रैल की सुबह जब नरेंद्र साहू बाड़े में पहुंचे तो नया ट्रैक्टर गायब था। यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। तुरंत गांव और आसपास तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
किसान और उसके साथियों ने पाटन से जबलपुर और फिर बरेला तक करीब 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति ट्रैक्टर को मंडला की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया है।
फिलहाल नरेंद्र अपने साथियों के साथ मंडला में ट्रेक्टर को तलाश करने में जुटा हुआ है।
20 हजार का इनाम घोषित, पुलिस ने शुरू की जांच
18 अप्रैल को किसान ने पाटन थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही नरेंद्र साहू ने घोषणा की है कि जो भी ट्रैक्टर के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे 20 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर चोरों के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया जाएगा।
तस्वीरों में देखिए, सीसीटीवी में कैद हुआ चोरी गया ट्रैक्टर
किसान ने बताया कि उसका ट्रैक्टर बदमाश मंडला की ओर ले जाते दिखे हैं। किसान अपने साथियों के साथ वहां भी तलाश कर रहे हैं।

किसान ने बताया कि बाड़े में पुराना ट्रैक्टर भी खड़ा था, लेकिन चोरों ने उसे हाथ भी नहीं लगाया।

पुलिस का कहना है कि उन्होंने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है। जल्द ही ट्रैक्टर चोर पकड़ लिए जाएंगे।