बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सड़क हादसे में जहांगीरपुरा निवासी एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मंडवाड़ा स्थित विद्युत ग्रिड के ठीक सामने रात करीब 10:30 बजे हुआ। जहांगीरपुरा निवासी चंपालाल (42) पिता किशन बड़ौले और दरबार (45) पिता सिकदार बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे संकेतक बोर्ड से टकराई और सीधे नीचे जा गिरी। दोनों खेती-किसानी का काम करते थे। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित किया टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी राधेश्याम यादव घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को अंजड़ सिविल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर अरविंद पिपलिया ने जांच के बाद चंपालाल बड़ौले को मृत घोषित कर दिया। मृतक चंपालाल के साथी दरबार के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया था। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source link